5:07 pm Saturday , 3 October 2026
BREAKING NEWS

उझानी-त्योहारों की आहट के साथ कुम्हारों के चाक ने पकड़ी रफ्तार

उझानी-त्योहारों की आहट के साथ कुम्हारों के चाक ने पकड़ी रफ्तार।


उझानी बदांयू 3 अक्टूबर।

त्योहारों की आहट के साथ नगर के कुम्हारों के चाक ने रफ्तार पकड़ ली है। रामलीला महोत्सव, दशहरा और करवा चौथ इसी माह होने हैं, जबकि नवंबर में दीपोत्सव मनाया जाएगा।

त्योहारों पर मिट्टी के दीयों, करवों और अन्य बर्तनों की मांग बढ़ने की उम्मीद में कुम्हार दिन-रात तैयारी में जुटे हैं। कुम्हार सुबह से शाम तक चाक पर मिट्टी को अलग-अलग आकार देने में जुटे हैं। तैयार बर्तनों और दीयों को सुखाने के बाद उन्हें भट्टियों में पकाया जा रहा है।

दीपोत्सव को ध्यान में रखते हुए साधारण दीयों के साथ ही विभिन्न आकार और डिजाइन के दीये भी तैयार किए जा रहे हैं। कुम्हारों के मुताबिक, दीपोत्सव उनके कारोबार का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। बाजार में मांग बढ़ने पर बिक्री में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में त्योहारों की तैयारी के साथ चाक की गति बढ़ने से कुम्हारों को इस बार कारोबार में सुधार की आस है।

कुम्हार शिवराज ने बताया कि त्योहारों के मौसम में मिट्टी के दीयों की मांग पहले से बेहतर है। गांव-गांव से ऑर्डर आ रहे हैं। दशहरा और करवा चौथ के बाद दीपोत्सव के लिए दीयों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

कुम्हार राकेश ने बताया कि इस बार वह पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक दीये और मिट्टी के बर्तन तैयार कर रहे हैं। मिट्टी और ईंधन की कीमत बढ़ने से लागत बढ़ी है लेकिन अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.