11:10 pm Friday , 2 October 2026
BREAKING NEWS

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे चले

तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, चार के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव। थाना क्षेत्र के बादल गांव में जमीन के विवाद को लेकर गुरुवार शाम करीब सात बजे दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।

पुलिस के मुताबिक बादल गांव निवासी निराला पुत्र नरेश पाल और मुनेश पाल सिंह के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। बताया गया कि मुनेश पाल सिंह की सौतेली मां की हत्या हो चुकी है। उनकी मृत्यु के बाद उनकी पुत्री शिवानी ने निराला पक्ष को जमीन बेच दी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बताया जा रहा है।

बताया गया कि गुरुवार शाम मुनेश पाल के पुत्र जीशुख द्वारा गाली-गलौज किए जाने के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।

इधर, घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचे के साथ वीडियो वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को बादल गांव में दबिश देकर रोहताश पुत्र मुनेश पाल सिंह, उम्र करीब 22 वर्ष, को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसके अलावा पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में दोनों पक्षों के नरेशपाल सिंह पुत्र पंचम सिंह, बलराम उर्फ अरविंद पुत्र राजवीर, मुनेशपाल सिंह पुत्र मथुरा सिंह और रचित पुत्र देवसिंह के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.