राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सर्वधर्म समभाव, स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर रेंजर्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर संध्या सक्सेना की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा का अनावरण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय में गांधी जी की सर्वधर्म समभाव की भावना को आत्मसात करते हुए सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस क्रम में बाइबल के वर्सेस का वाचन प्राचार्या प्रोफेसर संध्या सक्सेना, श्रीमद भगवत गीता के श्लोक का वाचन डॉ. ऋषभ भारद्वाज, गुरु ग्रंथ साहिब से शबद का वाचन डॉ. भावना सिंह तथा कुरान की आयत का वाचन छात्रा अनमता द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न धर्मग्रंथों की शिक्षाओं के माध्यम से आपसी प्रेम, शांति, सदभाव एवं मानवता का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वच्छता अभियान एवं पाॅक्सो एक्ट, 2012 के संबंध में जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। छात्राओं ने परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही ईशिका सैनी, रिंकी एवं अनमता द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसके माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत ईशिका सैनी द्वारा काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मनोज कुमार ने छात्राओं को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जैसी महान विभूतियों के जीवन, उनके आदर्शों एवं मूल्यों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर संध्या सक्सेना ने छात्राओं को स्वयं को सशक्त बनाने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा पात्र योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन “रघुपति राघव राजा राम” के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर डॉ. वंदना, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. ऋषभ भारद्वाज, डॉ. भावना सिंह, श्री रोहित कुमार एवं श्री सीताराम सहित महाविद्यालय की छात्राएँ उपस्थित रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com