2:10 pm Friday , 2 October 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी- बाबा इंटरनेशनल स्कूल में बड़े ही हर्षोल्लास से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

बिल्सी- बाबा इंटरनेशनल स्कूल में बड़े ही हर्षोल्लास से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल, बिल्सी में आज दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, उनके आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन ध्वजारोहण से हुआ। विद्यालय चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय, विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय, निदेशिका साधना वार्ष्णेय, राज कुमार गुप्ता एवं विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया। तत्पश्चात महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाषण, कविताओं, देशभक्ति गीतों तथा “गांधी जी अमर रहें” और “शास्त्री जी अमर रहें” के नारों से विद्यालय का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

इसके बाद विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा “रघुपति राघव राजा राम” सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे विद्यालय का वातावरण मंत्रमुग्ध हो गया।

गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विद्यालय प्रांगण में विद्यालय चेयरमैन, डायरेक्टर, निदेशिका, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” एवं “पेड़ लगाओ – जीवन बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पौधारोपण के साथ-साथ विद्यार्थियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस कार्यक्रम ने बच्चों के मन में हरियाली, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति गहरी संवेदना उत्पन्न की।

विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र बाबू वार्ष्णेय ने जवानों एवं किसानों के प्रेरणास्रोत तथा देश को कुशल नेतृत्व प्रदान करने वाले लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन किया। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान की दिशा में उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने आसपास की स्वच्छता के प्रति गंभीर एवं जागरूक होना चाहिए।

विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि हमें गांधी जी एवं शास्त्री जी के विचारों से प्रेरणा लेकर प्रगति की ओर निरंतर अग्रसर रहना चाहिए। उन्होंने सभी से राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान से जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष के बाद भारत जागृत एवं स्वतंत्र हुआ है। हमें भारत को और अधिक समृद्ध, सशक्त एवं विकसित देश बनाना है। इसके लिए हमें अपने आसपास के वातावरण को साफ एवं स्वच्छ रखना होगा। जिस प्रकार हम अपने घर को साफ रखते हैं, उसी प्रकार हमें सड़कों, रास्तों, पार्कों एवं गलियों की स्वच्छता के प्रति भी सजग रहना होगा।

विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने सभी को गांधी-शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। गांधी जी ने अहिंसा और सत्य के मार्ग से पूरी दुनिया को संदेश दिया, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और देशप्रेम के बल पर करोड़ों भारतीयों का दिल जीता। हमें चाहिए कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सफल बनाएं। साथ ही, स्वच्छता और पौधारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करें।”

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.