2:09 pm Friday , 2 October 2026
BREAKING NEWS

हाफ़िज़ सिद्दीक़ इस्लामिया इण्टर कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती

हाफ़िज़ सिद्दीक़ इस्लामिया इण्टर कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती

बदायूँ। हाफ़िज़ सिद्दीक़ इस्लामिया इण्टर कॉलेज, बदायूँ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी से हुई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं गांधीजी के विचारों से संबंधित नारों के साथ क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद प्रातः 8 बजे विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। प्रधानाचार्य श्री मंसूर हुसैन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ राष्ट्रगान गाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अब्दुल कुद्दूस रहे। मंच संचालन संस्कृत शिक्षक श्री हसन मोहम्मद अब्दुल्लाह ने किया। विद्यार्थियों ने गांधीजी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर आधारित भाषण एवं गीत प्रस्तुत किए। श्री मोहम्मद अज़ीम, श्री अमन सैफ़ी एवं श्री ज़ुबैर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री मंसूर हुसैन ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन, स्वच्छता, मेहनत और जिम्मेदारी जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से भी होता है।

कंप्यूटर शिक्षक श्री नासिर हुसैन ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर आधारित प्रभावशाली नज़्म प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

श्री यासीन अली उस्मानी ने भी अपने संबोधन में गांधीजी एवं शास्त्रीजी के जीवन आदर्शों और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने गीत, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर श्री यासीन अली उस्मानी, श्री हसन मोहम्मद अब्दुल्लाह, श्री मोहम्मद अलीम ग़ज़नवी, श्री मोहम्मद अज़ीम, श्री अमर कांत लाल दास, श्री कमाल अहमद खान, श्री सलमान हसन, श्री आज़ाद नबी, श्री अरशद अली खान, श्री राजीव कुमार, श्री मोहम्मद आदिल सिद्दीकी, श्री मोहम्मद नाहिद खान, श्री फ़ौज़ान अख़्तर, श्री ज़ुबैर, श्री फ़ारूक़ सैफ़ी, श्री अमन सैफ़ी, श्री अमीरुद्दीन, श्री मोहम्मद दानिश, मिस ज़ैनब फ़ातिमा, श्री फरहत हुसैन, श्री नासिर हुसैन एवं श्री ज़ीशान सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अंत में सभी उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता, सद्भाव और विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.