सहसवान (बदायूं) नगर में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी त्योहारों को देखते हुए गुरुवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह मय थाना फोर्स द्वारा कस्बे में सघन पैदल गश्त एवं रूट मार्च किया गया।
पुलिस टीम ने कोतवाली से शुरू होकर मुख्य बाजार, बदायूं रोड, चौधरी सराय, सैफुल्लागंज, मंडी समिति और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस ने दुकानदारों व आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि पैदल गश्त का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय बनाए रखना है। त्योहारों पर हुड़दंग करने वालों, अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
रूट मार्च के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग भी की और लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या थाना पुलिस को दें।
/रविशंकर
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com