बदायूं
बदायूं में अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, किसानों के मुआवजे की मांग तेज
केशव गुप्ता
जय किसान आंदोलन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, फसलों का तत्काल सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग
बदायूं। जिले में करीब 36 घंटे से लगातार हुई अतिवृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राम बाबू सिंह ने जिलाधिकारी बदायूं को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न होकर चौपट हो गई हैं। विशेषकर निचले क्षेत्रों में खेतों में इतना अधिक पानी भर गया है कि आगामी कई दिनों तक पानी निकलने की संभावना कम है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत और पूरी फसल बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्राकृतिक आपदा से किसानों के सामने केवल आर्थिक संकट ही नहीं, बल्कि भविष्य में पशुओं के चारे और परिवार की आजीविका को लेकर भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
जय किसान आंदोलन ने प्रशासन से मांग की है कि नष्ट हुई फसलों का तत्काल सर्वे एवं आकलन कराया जाए तथा नियमानुसार किसानों को क्षतिपूर्ति, मुआवजा, इनपुट सब्सिडी एवं अन्य उपलब्ध सरकारी सहायता शीघ्र प्रदान की जाए।
ज्ञापन में किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com