बदायूं
ज्ञापन देने जा रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के ब्रज प्रांत मंत्री पंकज गुप्ता हाउस अरेस्ट
केशव गुप्ता
गौशालाओं की कथित अनियमितताओं के खिलाफ पशुधन मंत्री को देना था ज्ञापन, प्रशासन की कार्रवाई पर क्षेत्रीय पत्रकारों से बोले पंकज गुप्ता
बदायूं। जनपद की गौशालाओं में कथित अनियमितताओं, गोवंशों की मौत और बिना ईयर टैग वाले गोवंशों के नाम पर सरकारी भुगतान के आरोपों को लेकर ज्ञापन देने जा रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के ब्रज प्रांत मंत्री पंकज गुप्ता को प्रशासन द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है।
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद क्षेत्रीय पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए पंकज गुप्ता ने कहा कि संगठन गौवंश संरक्षण और सरकारी धन के पारदर्शी उपयोग को लेकर अपनी आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री को दिए जाने वाले ज्ञापन में बदायूं की गौशालाओं में पिछले एक वर्ष में हुए भुगतान और धरातल पर मौजूद गोवंशों की संख्या का मिलान कराने की मांग की गई है। साथ ही बिना ईयर टैग वाले गोवंशों के नाम पर भुगतान के आरोपों की भी जांच की मांग रखी गई है।
पंकज गुप्ता ने कहा कि यदि जांच में अनियमितताएं अथवा सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने गौशालाओं में गोवंशों की मौत और रखरखाव को लेकर सामने आ रही शिकायतों की भी गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में संगठन की ओर से उच्चस्तरीय जांच/एसआईटी गठित करने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच करने तथा दोष पाए जाने पर एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पंकज गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि गौशालाओं में व्यवस्था और सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए आवाज उठाना है।
हाउस अरेस्ट की कार्रवाई को लेकर संगठन की ओर से नाराजगी जताई गई है। वहीं, प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद कार्रवाई के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com