बदायूं
बदायूं की गौशालाओं में हर गोवंश पर ₹5 के कथित खेल की चर्चा, सूत्रों ने उठाए सवाल
केशव गुप्ता
बदायूं। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के बदायूं दौरे से पहले जिले की गौशालाओं को लेकर सूत्रों के हवाले से एक गंभीर मामला सामने आया है। सूत्रों का दावा है कि जिले में संचालित कुछ गौशालाओं में एनजीओ द्वारा प्रत्येक गोवंश के नाम पर कथित रूप से ₹5 अधिकारियों तक पहुंचाए जाने का खेल चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यदि जिले में गोवंशों की संख्या और कथित भुगतान का हिसाब लगाया जाए तो यह रकम हर महीने करीब 5 से 6 लाख रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कथित रूप से यह रकम किन लोगों तक पहुंच रही थी और इस व्यवस्था की जानकारी किस-किस जिम्मेदार अधिकारी को थी।
सूत्रों का यह भी दावा है कि जिले की कुछ गौशालाओं में गोवंशों की स्थिति बेहद खराब है। स्थानीय लोगों और गौसेवकों की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं कि पर्याप्त चारा, पानी और देखभाल के अभाव में गोवंशों की मौत तक हो जाती है। यह भी आरोप है कि मृत गोवंशों को कथित रूप से गड्ढों में दफना दिया जाता है, जिससे मामला सामने न आए।
हालांकि, सूत्रों द्वारा लगाए गए इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी मानी जा रही है।
गौसेवकों और स्थानीय लोगों की मांग है कि यदि जांच में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई केवल सचिव या एनजीओ तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे कथित तंत्र की जांच कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी सामने लाई जाए।
अब देखना होगा कि मंत्री के बदायूं दौरे के दौरान गौशालाओं की व्यवस्थाओं और सामने आ रहे इन गंभीर आरोपों को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com