6:41 pm Wednesday , 30 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर 2 घंटे तक लाश के पास बैठा रहा पति

बदायूं: पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर 2 घंटे तक लाश के पास बैठा रहा पति, सुबह पिता ने देखा तो उड़े होश।

उसहैत (बदायूं) 30 सितंबर ।

उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बीहट में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और करीब 2 घंटे तक लाश के पास ही बैठा रहा। सुबह 4 बजे जब पिता खेत से लौटा तो बहू की लाश देखकर घबरा गया। शोर मचाकर सो रहे बच्चों को जगाया तो बच्चे मां की लाश से लिपटकर रोने लगे।

पिता ने ही पुलिस को सूचना देकर बेटे को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है।

गांव बीहट निवासी आशीष प्रताप सिंह खेती-किसानी करता है। उसने साल 2012 में दातागंज निवासी मोहिनी (36) से लव मैरिज की थी। दोनों के चार बच्चे हैं – अनुज (10), प्रतीक्षा (8), प्रतिज्ञा (4) और दिव्यांश (3)।

आशीष के पिता दुर्गेश ने बताया कि मंगलवार रात वह खेत पर रखवाली करने गया था। सुबह 4 बजे घर लौटा तो बहू की हत्या का पता चला। उन्होंने बताया कि बहू मंगलवार शाम 4 बजे ही अपने मायके से लौटी थी।

वारदात के वक्त चारों बच्चे कमरे से करीब 50 फीट दूर बरामदे में सो रहे थे। बच्चों ने बताया कि कब क्या हुआ उन्हें पता नहीं चला। दादी-बाबा ने जगाया तब पता लगा कि पापा ने मम्मी को मार डाला है।

हत्या के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे कह रहे हैं – “पापा को पुलिस सजा दे, उन्होंने हमारी मां को मार डाला। अब हम किसके सहारे रहेंगे?”

एसएसपी अंकिता शर्मा का कहना है कि आज सुबह हत्या की सूचना मिली तो थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम को मौके पर भेजा गया। प्रथम दृष्टया पति ने ही कुल्हाड़ी से हत्या की है। पति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। महिला के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.