बदायूं: तुतलाकर बोलने का मजाक उड़ाया, विरोध करने पर युवक पर लोहे की पाइप और ईंटों से हमला, सिर में आए 16 टांके।
बदायूं 30 सितंबर ।
कोतवाली क्षेत्र के नाहर खां सराय लालपुल चौक मोहल्ले में तुतलाने का मजाक उड़ाने का विरोध करने पर तीन युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की पाइप और ईंट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। युवक के सिर में 16 टांके आए हैं।
पीड़ित घासीराम पुत्र केदार निवासी मोहल्ला नाहर खां सराय लालपुल चौक, थाना कोतवाली ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 सितंबर की रात वह अपने लड़के पूरनलाल के साथ लालपुल चौक से घर लौट रहा था।
आरोप है कि मोहल्ले के ही राकेश, दीपक व नन्हू पुत्रगण तिलकधारी उसके लड़के की तोतली बोली का मजाक उड़ाकर उसे परेशान करने लगे। पिता ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो तीनों गाली-गलौज करने लगे और पूरन के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करते हुए आरोपी घर तक आ गए।
पीड़ित का आरोप है कि राकेश ने उसके लड़के के सिर पर लोहे की पाइप से हमला किया, जबकि दीपक व नन्हू ने सिर व सीने पर ईंटों से वार किया। हमले में पूरन गंभीर रूप से घायल हो गया और सिर में 16 टांके आए। शोर-शराबा होने पर आरोपी उसे मरा समझकर छोड़कर भाग गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी कि अगर बच गया तो फिर मारेंगे।
घटना के बाद पिता घायल बेटे को लेकर तुरंत कोतवाली पहुंचा और सूचना दी, इसके बाद जिला अस्पताल बदायूं में उसका उपचार कराया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जगमेंद्र को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com