बिसौली: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी से तंग आकर युवती ने दी जान।
बिसौली (बदायूं) 30 सितंबर।
थाना बिसौली क्षेत्र में एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धमकी से परेशान होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोट गांव निवासी एक युवक ने प्रभारी निरीक्षक बिसौली को दी तहरीर में बताया कि करखेड़ी गांव निवासी एक युवक ने उसकी बहन को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान कुछ अश्लील फोटो व वीडियो भी बना लिए। बाद में युवक की शादी कहीं और तय हो गई।
आरोप है कि बहन द्वारा शादी का दबाव बनाने पर युवक ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। 27 सितंबर की शाम आरोपी ने युवती के पिता के फोन पर कॉल कर धमकाया और कहा कि अपनी लड़की को समझा लो।
जब पिता ने बेटी से पूछा तो आरोपी ने फोन पर युवती को फिर से फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इससे आहत होकर युवती ने कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
परिजन उसे पहले इस्लामनगर, फिर चंदौसी और बाद में मुरादाबाद के डा. लाल सिंह मेमोरियल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुरादाबाद में ही पोस्टमार्टम कराया गया।
परिजनों का कहना है कि युवती के फोन में आरोपी से चैट के स्क्रीन शॉट मिले हैं, जिसमें युवती ने लिखा था कि उसकी मौत का जिम्मेदार आरोपी व उसके परिजन हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com