बिल्सी। नगर की श्री हनुमान जी सेवा समिति की ओर से मंगलवार को मोहल्ला संख्या पांच स्थित शिव शक्ति भवन मंदिर बाबा हनुमान जी का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। सुबह आठ बजे आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान बाबा हनुमान जी का चोला श्रृंगार कर महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने 108 बार रामनाम की माला का जाप किया। इसके बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश से आए संत अयोध्या दास रामायणी ने विशेष सहभागिता की। उन्होंने भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान से जुड़े संस्मरण सुनाए, जिन्हें सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कार्यक्रम के समापन पर समिति के पदाधिकारियों ने संत अयोध्या दास रामायणी को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इधर, नगर के तहसील रोड स्थित श्री बालाजी शक्ति धाम, मोहल्ला संख्या चार सिरासौल रोड स्थित श्री संकट मोचन दरबार एवं गुधनी खौंसारा स्थित बलदेव धाम पर भी बालाजी महाराज को चोला चढ़ाकर विशेष श्रृंगार किया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और भोग लगाया गया। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


