11:45 pm Tuesday , 29 September 2026
BREAKING NEWS

कुंवर गांव। ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दो युवकों की मौत

ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार दो युवकों की मौत,

पिता की तहरीर पर चालक और वाहन मालिक के खिलाफ मुकदमा, पुलिस ने शुरू की जांच

कुंवर गांव। थाना क्षेत्र में ललेई और बादल गांव के बीच 22 सितंबर की शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। हादसे के करीब पांच दिन बाद मृतक छविराम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बताया गया कि गांव बादल निवासी छविराम पुत्र सोवरन सिंह अपने साथी ललेई निवासी ब्रजभान पुत्र प्यारे लाल के साथ बाइक से बदायूं की ओर जा रहा था। इसी दौरान ललेई और बादल के बीच सामने से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ट्रक चालक अरविंद पुत्र भूप सिंह निवासी गरुइया वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था और गलत दिशा में आ गया था।

टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में ऋषिपाल सिंह और जयकिशन के नाम सामने आए हैं।

मृतक छविराम के पिता सोवरन सिंह ने मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने 27 सितंबर को ट्रक चालक अरविंद और वाहन मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस का कहना है कि हादसे से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस