4:13 pm Tuesday , 29 September 2026
BREAKING NEWS

अलग-अलग नंबरों से फोन, अश्लील गालियों से परेशान प्रतिष्ठित लोग

अलग-अलग नंबरों से फोन, अश्लील गालियों से परेशान प्रतिष्ठित लोग

खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर डॉक्टर पर 15 लाख रुपये का कर्ज होने का दावा, कई लोगों को बनाया जा रहा निशाना

वजीरगंज, बदायूं।
कस्बे में इन दिनों अलग-अलग मोबाइल नंबरों से आने वाले फोन ने कई लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अज्ञात व्यक्ति फोन पर अश्लील भाषा का प्रयोग करने के साथ गाली-गलौज करता है। इतना ही नहीं, फोन करने वाला खुद को महेन्द्रा कोटक फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर कस्बे के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. अखिल मोहन सक्सेना पर 15 लाख रुपये का लोन होने की बात कह रहा है। इसके साथ ही कस्बे के ही करीब पांच-छह अन्य लोगों को फोन कर उन्हें डॉ. सक्सेना का गारंटर बताते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

लगातार अलग-अलग नंबरों से आ रहे इन फोन कॉलों के कारण संबंधित लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि फोन करने वाला व्यक्ति बार-बार नए नंबर से संपर्क करता है और विरोध करने पर अश्लील शब्दों तथा गाली-गलौज पर उतर आता है। इससे लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर उनके मोबाइल नंबर इस व्यक्ति तक कैसे पहुंचे और बिना किसी संबंध के उन्हें इस मामले में क्यों घसीटा जा रहा है।

न लोन लिया, न किसी को बनाया गारंटर

जब इस संबंध में चिकित्सक डॉ. अखिल मोहन सक्सेना से जानकारी की गई तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने किसी प्रकार का 15 लाख रुपये का लोन नहीं लिया है और न ही उन्होंने किसी व्यक्ति को अपने लोन का गारंटर बनाया है। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके नाम का इस्तेमाल करते हुए कस्बे के अन्य लोगों को फोन किया जा रहा है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा प्रभावित होने के साथ-साथ संबंधित लोग भी परेशान हो रहे हैं।

डॉ. सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी लिखित शिकायत वजीरगंज पुलिस से की है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और फोन पर अभद्रता करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

‘फोन की घंटी बजते ही होने लगी चिंता’

इस पूरे घटनाक्रम से प्रभावित लोगों की परेशानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब अनजान नंबर से आने वाली फोन कॉल भी उनके लिए चिंता का कारण बन गई है। लोगों का कहना है कि किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति का नाम लेकर उन्हें गारंटर बताना और उसके बाद गाली-गलौज करना न केवल मानसिक उत्पीड़न है, बल्कि इससे सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि अलग-अलग नंबरों से फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर यह पता लगाया जाए कि वह वास्तव में किसी फाइनेंस कंपनी से जुड़ा है अथवा किसी की प्रतिष्ठा खराब करने के लिए जानबूझकर ऐसा कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे व्यक्ति पर अंकुश नहीं लगाया गया तो वह आगे भी अन्य लोगों को इसी तरह परेशान कर सकता है।

अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं। शिकायत के बाद पुलिस यदि कॉल करने वाले नंबरों की जांच और आवश्यक तकनीकी कार्रवाई करती है तो पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जायेगी

विज्ञापन एक्सप्रेस