12:50 pm Tuesday , 29 September 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव- करंट से गौवंश की मौत, फिर भी नहीं जागा बिजली विभाग

करंट से गौवंश की मौत, फिर भी नहीं जागा बिजली विभाग

नंदगांव में पोल में उतरे करंट ने ली गौवंश की जान, सिगोई में सुबह से पोल में दौड़ रहा करंट

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए खतरा बनती जा रही है। नंदगांव में बिजली पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से मंगलवार सुबह एक घुमंतु गौवंश की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पोल में कई दिनों से करंट आ रहा था और इसकी सूचना बिजली कर्मचारियों को दिए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित बिजली पोल में करंट आने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन विभागीय कर्मचारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार सुबह गौवंश की मौत के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई।

वहीं क्षेत्र के सिगोई गांव में भी मंगलवार सुबह से एक बिजली पोल में करंट उतर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पोल से तीन बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं और उनमें करंट दौड़ रहा है। ग्रामीण लगातार बिजली विभाग को सूचना देने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आरोप है कि समस्या सुनने और मौके पर पहुंचकर उसे ठीक करने वाला कोई नहीं है।

ग्रामीणों ने गांव में तैनात बिजली कर्मचारी पर रुपये लेने का आरोप भी लगाया है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में हाईवोल्टेज आने के कारण कई घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए।

लगातार पोल में करंट आने और खुले तार नीचे लटकने से ग्रामीणों में हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल मौके पर पहुंचकर पोल और तारों की जांच कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस