उझानी: हाइवे निर्माण से उझानी-नरऊ मार्ग दलदल में तब्दील, दो स्कूली वाहन फंसे – बच्चों में मचा हड़कंप।
उझानी (बदायूं) 29 सितंबर ।
उझानी से नरऊ जाने वाली सड़क हाइवे निर्माण के चलते पूरी तरह दल-दल में बदल गई है। आलम यह है कि आज सुबह दो स्कूली वाहन कीचड़ में फंस गए, जिससे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। काफी देर बाद ट्रैक्टर की मदद से दोनों वाहनों को बाहर निकाला जा सका।
पहली तस्वीर में स्कूली वेन हाइवे के निर्माणाधीन हिस्से में रेता और कीचड़ में धंसी हुई दिख रही है। चालक ने वैन के आगे रस्सी बांध दूसरी वेन से निकालने का प्रयास किया,मगर व्यर्थ चालक असहाय खड़ा है। चारों तरफ कोहरा और दूर-दूर तक गड्ढे व कीचड़ ही नजर आ रहा है।
दूसरी स्कूली वैन पानी और कीचड़ के बीच फंसी है। वैन के अंदर स्कूली बच्चे बैठे हैं और गेट खुला है। बच्चे डरे-सहमे अंदर बैठे रहे, क्योंकि बाहर घुटनों तक पानी और दलदल होने से उन्हें उतारा भी नहीं जा सका। पास में ही नाले का पानी खेतों में भरकर सड़क पर आ गया है।
जानकारी के मुताबिक एक वाहन में बच्चे नहीं थे, जबकि दूसरे वाहन में बच्चे बैठे थे। दोनों वाहन सुबह स्कूल जा रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए।
बताया जा रहा है कि उझानी-नरऊ मार्ग पहले से ही गड्ढों में तब्दील है। ऊपर से हाइवे निर्माण के चलते सड़क पर रेता पड़ा है और दो दिन की बारिश से मुख्य सड़क पर दलदल बन गया है। नगर पालिका के नाले का पानी भी हाइवे से टकराकर नरऊ मार्ग पर आ रहा है। नाले का पानी खेतों को फुल कर सड़क पर जमा हो गया है, जिससे राहगीरों को रास्ता बदलकर हाइवे के नवनिर्मित संपर्क मार्ग से घूमकर उझानी आना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और आम लोगों को परेशानी न हो।
राजेश वार्ष्णेय एमके
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


