11:55 pm Monday , 28 September 2026
BREAKING NEWS

राजकीय नलकूप परिसर में दफनाई गईं मृत गायें, प्रधान पर कार्रवाई की तैयारी

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवर गांव बदायूं बनेई की अस्थायी गौशाला का मामला, विभागीय अधिकारियों की आपत्ति के बावजूद जमीन इस्तेमाल करने का आरोप
कुंवरगांव। सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनेई में अस्थायी गौशाला से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि गौशाला में मृत हुई गायों को राजकीय नलकूप परिसर में ले जाकर जेसीबी से दफन कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों की अनुमति के बिना नलकूप परिसर की जमीन इस्तेमाल किए जाने पर अधिकारियों ने आपत्ति जताई है।
बताया गया कि रविवार को अस्थायी गौशाला में दो गायों की मौत हो गई। इसके बाद मृत गायों को राजकीय नलकूप के परिसर में ले जाकर खुले मैदान में डाल दिया गया। शाम को जेसीबी बुलाकर दोनों गायों को परिसर की जमीन में दफन किए जाने की बात सामने आई।
मामले की जानकारी होने पर नलकूप विभाग के अधिकारियों ने आपत्ति जताई। आरोप है कि अधिकारियों और नलकूप ऑपरेटर की ओर से मना किए जाने के बावजूद परिसर की जमीन का इस्तेमाल किया गया।
नलकूप ऑपरेटर दर्शना कुमारी ने बताया कि सोमवार सुबह 11 बजे अधिकारियों के साथ मामले को लेकर बैठक प्रस्तावित है। बैठक के बाद ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि राजकीय नलकूप परिसर की जमीन का इस्तेमाल बिना अनुमति किए जाने को गंभीरता से लिया गया है। बैठक के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस