8:37 pm Monday , 28 September 2026
BREAKING NEWS

गौशालाओं में फिर गौवंश की मौत की सूचना से हड़कंप, व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल

बदायूं

गौशालाओं में फिर गौवंश की मौत की सूचना से हड़कंप, व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल

केशव गुप्ता

बदायूँ। उसावां ब्लॉक क्षेत्र की कई गौशालाओं में गौवंश की मौत और बदहाल व्यवस्थाओं की सूचना से हड़कंप मच गया है। खिरिया मधुकर, टिकरी, टिकाई पुख्ता, खेड़ा जलालपुर सहित अन्य स्थानों पर संचालित गौशालाओं को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार टिकरी गौशाला में पांच, टिकाई पुख्ता में दो तथा खिरिया मधुकर में दो गौवंशों की मौत होने की सूचना है। वहीं खिरिया मधुकर में करीब 12 गौवंशों के भूख-प्यास से तड़पने तथा चार गौवंशों की हालत गंभीर होने की बात भी सामने आई है। हालांकि मृत गौवंशों की वास्तविक संख्या की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सूचना मिलने पर खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार निराला और तहसीलदार दयाचन्द्र पौरुष के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर गौशालाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले कुछ मृत गौवंशों को झाड़ियों और पानी की ओर फेंक दिया गया। एक ग्रामीण द्वारा बनाया गया वीडियो भी सामने आया है, जिसके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात कही जा रही है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अभिगांव गौशाला प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब अन्य गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मृत गौवंशों की वास्तविक संख्या, उनके मरने के कारण और शवों के निस्तारण की व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ग्रामीणों ने गौशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई और पशुओं की देखभाल की व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस