5:26 pm Monday , 28 September 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में ऑल इंडिया मुशायरा आयोजित, ‘सोने के पर’ किताब का हुआ रस्म-ए-इजरा

बिसौली में ऑल इंडिया मुशायरा आयोजित, ‘सोने के पर’ किताब का हुआ रस्म-ए-इजरा

बिसौली। जमाल मैरिज लॉन में ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के मशहूर शायर अमीरुद्दीन अमीर की किताब ‘सोने के पर’ का रस्म-ए-इजरा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष अबरार अहमद द्वारा शमा रोशन करने के साथ हुई।

सूफी शरीफ अहमद मयकश ने तिलावत-ए-कुरान-ए-पाक से कार्यक्रम का आगाज किया, जबकि डॉ. अमीरुद्दीन अमीर ने नात-ए-पाक पेश की। इसके बाद मुशायरा धीरे-धीरे अपने रंग में आता गया और विभिन्न जिलों से आए शायरों ने अपने कलाम पेश कर महफिल में समां बांध दिया।

मुशायरे की सदारत मशकूर अहमद नजमी ने की, जबकि निजामत श्रीदत्त शर्मा मुज्तर ने संभाली। मेहमान शायरों में कौसर संभली, सैयद फहीम आतिश शाहाबादी, अंजुम लक्ष्मीपुरी और इमरान सैदपुरी सहित नगर के कई शायरों ने अपने-अपने कलाम पेश किए।

मुशायरा देर रात करीब 1 बजे तक चलता रहा। इस दौरान भारी बारिश और मौसम के बिगड़े मिजाज के बावजूद शायरी का सिलसिला जारी रहा और श्रोताओं ने पूरी रात शायरों के कलाम का आनंद लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अदबनवाज और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे। महफिल में श्रोताओं की मौजूदगी और शायरों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस