2:51 pm Monday , 28 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: ‘उमंग एक पहचान’ कार्यक्रम में 256 छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग

बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी बदायूं गामिनी सिंगला की पहल एवं निर्देशों के अनुपालन में “उमंग एक पहचान” कार्यक्रम के अंतर्गत परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन के बाद 18 सितंबर 2026 को ब्लॉक स्तर पर बाल कविता, कहानी सुनाओ, सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, डिक्टेशन एवं डिबेट प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। ब्लॉक स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 23 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), बदायूं में आयोजित की गई।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान, डिक्टेशन एवं कहानी सुनाओ प्रतियोगिताएं प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर कराई गईं। इसके अलावा उच्च प्राथमिक स्तर पर भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिताओं में कुल 256 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

सीडीओ ने किया प्रतियोगिताओं का निरीक्षण

मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई कहानियों, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया। बच्चों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में समय प्रबंधन, अनुशासन, कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

इस अवसर पर डाइट बदायूं के प्राचार्य राकेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता डाइट उमेंद्र दत्त त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार, प्रशांत सिंह राठौर, ज्योति प्रकाश तिवारी, समस्त एसआरजी-एआरपी, शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस