8:56 pm Sunday , 27 September 2026
BREAKING NEWS

33 केवीए पोल गिरा, तीन दिन से ठप बिजली; अधिकारी दे रहे टालमटोल जवाब

33 केवीए लाइन का पोल गिरने के बाद अब तक नहीं बहाल हुई आपूर्ति, रविवार शाम छह बजे तक बिजली आने की संभावना

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव। लगातार बारिश के बीच कुंवरगांव में बिजली संकट गहरा गया है। शुक्रवार रात से नगर की बिजली आपूर्ति ठप है और रविवार दोपहर तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। करीब तीन दिन से बिजली नहीं आने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आंवला की ओर से कुंवरगांव बिजली उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए लाइन का पोल शनिवार को पनवड़िया के पास गिर गया था। इसके बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। बिजली विभाग की टीम पोल को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब छह बजे तक बिजली आने की संभावना है, लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक आपूर्ति बहाल होने को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अधिकारी लगातार टालमटोल कर रहे हैं और बिजली आने का सही समय बताने से बच रहे हैं।

तीन दिन से परेशान लोग

लगातार बिजली गुल रहने से घरों और दुकानों में लगे विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। मोबाइल चार्ज करने, पानी की व्यवस्था और रोजमर्रा के घरेलू कामों में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

बारिश के कारण पहले ही बाजारों में चहल-पहल कम है, वहीं बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। नगर के लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

शाम छह बजे तक बहाली की उम्मीद

विद्युत विभाग की टीम लाइन के पोल को दुरुस्त करने में जुटी हुई है। विभागीय स्तर पर रविवार शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी।

विज्ञापन एक्सप्रेस