7:45 pm Sunday , 27 September 2026
BREAKING NEWS

पुरानी चोरियों का खुलासा नहीं, फिर आधा दर्जन ट्यूबवेलों पर धावा

बनगढ़ और आजमगंज मढ़िया में आधा दर्जन ट्यूबवेलों को बनाया निशाना, स्टार्टर-केबल समेत बिजली उपकरण चोरी

किसानों का आरोप—शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही प्रभावी कार्रवाई, पुरानी वारदातों का भी नहीं हुआ खुलासा

कुंवर गांव। थाना क्षेत्र में किसानों के ट्यूबवेल चोरों के निशाने पर हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से किसानों में दहशत और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार रात बारिश का फायदा उठाकर चोरों ने बनगढ़ और आजमगंज मढ़िया के जंगल में आधा दर्जन ट्यूबवेलों के ताले तोड़कर स्टार्टर, केबल और बिजली के उपकरण पार कर दिए।

बनगढ़ निवासी जमील के ट्यूबवेल का ताला खोलकर चोर स्टार्टर और केबल चोरी कर ले गए। वहीं आजमगंज मढ़िया के जंगल में भी चार किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाया गया। हजारों रुपये कीमत के बिजली उपकरण चोरी होने की जानकारी सुबह किसानों को हुई। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी है।

आठ दिन में फिर वारदात, किसानों में बढ़ा गुस्सा

ट्यूबवेल चोरी का यह सिलसिला नया नहीं है। करीब आठ दिन पहले इनायतगंज और लाही क्षेत्र में भी कई किसानों के ट्यूबवेलों में चोरी हुई थी। इनायतगंज में कुंवरपाल, छोटेलाल, खेतल, भूरेलाल और रतनलाल के ट्यूबवेलों से सामान चोरी हुआ था।

वहीं लाही क्षेत्र में उम्मीद हसन, इसरार अली, अब्बास, साजिम, पोशाकी लाल, खेतल, आसिफ, नत्थू, खलील और आरिफ के ट्यूबवेलों को भी चोरों ने निशाना बनाया था। किसानों के मुताबिक कई ट्यूबवेलों में नकब लगाकर स्टार्टर, केबल और अन्य बिजली उपकरण चोरी किए गए।

शिकायतों के बाद भी खुलासा नहीं, किसानों ने उठाए सवाल

पीड़ित किसानों का आरोप है कि उन्होंने घटनाओं की सूचना पुलिस को दी और तहरीर भी दी, लेकिन कई मामलों में उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुरानी घटनाओं का खुलासा नहीं होने के बीच अब दोबारा चोरी की वारदातों ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।

किसानों का कहना है कि खेतों में बने ट्यूबवेल सुनसान स्थानों पर होते हैं। रात में गश्त की कमी का फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात कर फरार हो जाते हैं। चोरी के कारण आर्थिक नुकसान के साथ किसानों को फसलों की सिंचाई में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

मोंगर से चकोलर तक नहीं थम रहा चोरी का सिलसिला

थाना क्षेत्र के मोंगर, बाबट, हरी नगला, कैली और चकोलर समेत कई इलाकों में भी ट्यूबवेलों से स्टार्टर, केबल और बिजली उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार वारदातों के बावजूद चोरों का सुराग नहीं लगने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।

किसानों ने पुलिस से रात में खेतों की ओर गश्त बढ़ाने, पूर्व की घटनाओं की जांच और रिपोर्ट दर्ज करने, चोर गिरोह का पता लगाने तथा चोरी का सामान बरामद कराने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस