बिल्सी। बिल्सी। लगातार हो रही बारिश के कारण उझानी-बिल्सी के बीच मुख्य विद्युत लाइन और बिल्सी बिजलीघर की मशीनों में आई नमी के चलते नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब 40 घंटे तक ठप रही। रविवार शाम करीब चार बजे मशीनों में आई नमी को दूर करने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। इतने लंबे समय तक बिजली गुल रहने से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण नगर में पेयजल संकट भी गहरा गया। घरों में लगे समरसेबल नहीं चल सके, जिससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। कई लोगों ने निजी जनरेटर किराये पर मंगाकर अपने समरसेबल चलाए और पानी का इंतजाम किया। वहीं, बिजली पर निर्भर दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लगातार बारिश के बीच बिजली विभाग के कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। रविवार को मशीनों की जांच के दौरान उनमें नमी मिलने पर उसे दूर करने का काम किया गया। इसके बाद शाम करीब चार बजे नगर की बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
पिंडौल में 24 अक्टूबर से शुरू होगी रामलीला
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के ग्राम पिंडौल में जनता आदर्श रामलीला कमेटी की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी रामलीला का आयोजन किया जाएगा। कमेटी के मंत्री सोवरन सिंह ने बताया कि रामलीला का मंचन 24 अक्टूबर से दो नवंबर तक होगा। वहीं भगवान श्रीराम की राम बारात 27 नवंबर को धूमधाम से निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार रामलीला का मंचन घनश्याम पांडे की पार्टी श्री दाऊ दयाल रासलीला एवं रामलीला मंडल, मथुरा द्वारा किया जाएगा। कलाकार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र के जीवन पर आधारित विभिन्न पावन लीलाओं का प्रति रात मंचन करेंगे। रामलीला का आयोजन रात आठ बजे से शुरू होगा। कमेटी ने क्षेत्र के लोगों से रामलीला में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।
(27बीडीएन-51)
2027 में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी: हाजी बिट्टन
41 नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिए मनोनयन पत्र
बिल्सी। नगर में रविवार को पूर्व विधायक हाजी बिट्टन की कोठी पर समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए। इस दौरान पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, पूर्व ब्लाक प्रमुख पति सर्वेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष देवेंद्र गौतम और नगर अध्यक्ष दीपक शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपकर बधाई दी। इस मौके पर हाजी बिट्टन ने बताया कि नगर अध्यक्ष दीपक शर्मा की ओर से पार्टी में 41 लोगों को पदाधिकारी और सदस्य बनाया गया है। सभी को मनोनयन पत्र दिए गए। हाजी बिट्टन ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। पूर्व ब्लाक प्रमुख पति सर्वेश यादव ने कहा कि नगर में 41 सदस्यीय कमेटी गठित होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताते हुए संगठन के लिए ईमानदारी और निष्ठा से काम करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर रामेश्वर शाक्य, आदित्य माथुर, विष्णु कोहली, शामेअली खां, चेतन यादव, हरिओम सिंह, मुवीन फरीदी, इल्यास खां, शब्बू फारुखी आदि मौजूद रहे।
(27बीडीएन-52)
कर्म, ज्ञान और उपासना के समन्वय से होता है मनुष्य का सर्वांगीण उत्थान
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव गुधनी स्थित प्रज्ञा यज्ञ मंदिर में रविवार को आर्य समाज का साप्ताहिक सत्संग आयोजित किया गया। यज्ञ के ब्रह्मा एवं अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप ने यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने ऋग्वेद के प्रथम मंडल के 101वें सूक्त के मंत्रों से श्रद्धालुओं को आहुतियां दिलाईं। मंत्रों की व्याख्या करते हुए आचार्य ने कहा कि कठोर परिश्रम, सद्ज्ञान और उपासना के समन्वय से ही मनुष्य का वास्तविक और सर्वांगीण उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि जीवन में इन तीनों का संतुलन जरूरी है। व्यक्ति को लगभग 80 प्रतिशत कर्म, चार प्रतिशत ज्ञान और 16 प्रतिशत उपासना के भाव के साथ जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कर्म और ज्ञान से व्यक्ति शक्तिशाली और साधन-संपन्न बन सकता है, लेकिन उपासना और आत्मसंयम के अभाव में अहंकार व दुर्गुण उसे पतन की ओर ले जा सकते हैं। रावण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उसके पास ज्ञान और सामर्थ्य था, लेकिन अहंकार के कारण उसका तथा उसके कुल का विनाश हुआ।
आचार्य ने कहा कि उपासना मनुष्य के भीतर के अहंकार को समाप्त कर ईर्ष्या, द्वेष, काम, क्रोध, लोभ और मोह पर नियंत्रण की शक्ति देती है। प्रत्येक व्यक्ति को परिश्रम के साथ सद्ज्ञान अर्जित करने और प्रतिदिन ईश्वर की उपासना के लिए समय निकालना चाहिए। उन्होंने सद्गुरुओं व वैदिक विद्वानों के सान्निध्य तथा श्रेष्ठ ग्रंथों के अध्ययन पर भी जोर दिया। साथ ही प्रतिदिन कम से कम एक घंटा उपासना, प्रार्थना और आत्मचिंतन के लिए देने का आह्वान किया।
सत्संग में लीलावती देवी और सुरेश चंद्र आर्य यजमान रहे। इस मौके पर विचित्रपाल सिंह, सूरजवती देवी, संतोष कुमारी, गुड्डो देवी, कौशकी आर्या, तान्या आर्या, गौरी आर्या, अंशिका आर्या, वंशिका आर्या, हिमांशी आर्या सहित आर्य संस्कारशाला के अनेक बच्चे मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


