बदायूं: बेटी दिवस पर शिक्षिकाओं को मिला ‘जस्ट 1% एक्स्ट्रा’ का मंत्र, ‘नमस्ते इंडिया’ का आगाज।
उझानी/बदायूं 27 सितंबर ।
अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर जेसीआई इंडिया एवं जेसीआई एलुमनी क्लब (जेएसी) की स्किल डेवलपमेंट पहल ‘नमस्ते इंडिया’ का बदायूं में आगाज हुआ। उझानी-बदायूं रोड स्थित सिंह हवेली में एस्सेल ओडियन पब्लिक स्कूल के शिक्षकों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का संचालन जेसीआई सीनेटर सुधांशु गुप्ता, ऑथर एवं नेशनल ट्रेनर, जेसीआई इंडिया तथा डायरेक्टर-कोचिंग एंड मेंटरिंग, जोन 2 ने किया। कार्यशाला का मुख्य मंत्र रहा- “जस्ट 1% एक्स्ट्रा एवरी डे”।
सुधांशु गुप्ता ने कहा कि सफलता के लिए जीवन को पूरी तरह बदलने की जरूरत नहीं होती। अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और प्रयास में रोजाना सिर्फ 1 प्रतिशत अतिरिक्त जोड़ना भी समय के साथ असाधारण परिणाम दे सकता है।
महिला शिक्षकों को बड़े करियर गोल के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि टीचर बनना गौरव की बात है, लेकिन इसे सपनों की अंतिम मंजिल क्यों मानें। निरंतर लर्निंग, अपस्किलिंग और मेंटरिंग के जरिए वे प्रिंसिपल, प्रोफेसर, रिसर्चर, एंटरप्रेन्योर, आईएएस, आईपीएस, वैज्ञानिक, एडमिनिस्ट्रेटर और टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट तक बन सकती हैं।
उन्होंने कहा, “सपनों को छोटा मत कीजिए। इतनी ऊंचाई हासिल कीजिए कि आपकी पहचान आपके परिचय से बड़ी हो जाए।”
जेएसी के अनुसार 22 सितंबर से ‘नमस्ते इंडिया’ के तहत अलीगढ़, झांसी, राठ, हमीरपुर, रायबरेली, बरेली, रुद्रपुर समेत कई जिलों में स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसमें एजुकेशन के साथ हॉस्पिटैलिटी, डीलरशिप, सर्विस और सेल्स एंड मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों को भी जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विमल सिंह, संयोजिका पूजा यादव समेत अक्षय सक्सेना, गुंजन माहेश्वरी, मानसी मिश्रा, प्रियंका माथुर, प्रियंका साहू, कुसुम रानी, अनामिका, कशिश मित्तल, शश्री अग्रवाल, आंचल यादव, मेघना, सोनी, लवी, हिमांशी और रितिका शर्मा समेत 25 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण लिया।
इस दौरान युवाओं के करियर गाइडेंस के लिए प्रस्तावित ‘युवा भारत’ और अनुभवी लोगों के अनुभव को स्टार्टअप्स से जोड़ने वाले ‘मार्गदर्शक’ कार्यक्रम की परिकल्पना भी साझा की गई।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


