बदायूं
अभिगांव गौशाला में बड़ी संख्या में गायों की मौत का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
अलापुर संवाददाता
म्याऊं/बदायूं। ब्लॉक म्याऊं क्षेत्र के ग्राम अभिगांव में संचालित गौशाला को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि शनिवार रात गौशाला में करीब 100 गायों की मौत हो गई, जबकि लगभग 120 गायें बीमार हालत में तड़प रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला संचालक ने अधिकारियों और पशु चिकित्सकों की कथित मिलीभगत से जेसीबी मंगवाकर मृत गायों को बिना पोस्टमार्टम कराए ही गौशाला परिसर में गहरा गड्ढा खुदवाकर दफना दिया। आरोपों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और गौशाला की स्थिति को लेकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने मृत एवं बीमार गायों की स्थिति के वीडियो बनाकर उन्हें प्रसारित किया तथा मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी।
घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा बीमार गायों के तत्काल उपचार की मांग की है।
हालांकि, गायों की मौत, बीमार गायों की संख्या और बिना पोस्टमार्टम शवों को दफनाए जाने संबंधी सभी आंकड़े व आरोप ग्रामीणों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में प्रशासन एवं पशु चिकित्सा विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


