बदायूं
मूसलाधार बारिश में भरभराकर गिरा गरीब का मकान, परिवार बाल-बाल बचा; मलबे में दबा लाखों का सामान
केशव गुप्ता
अलापुर/बमनी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच अलापुर क्षेत्र के जगत ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बमनी में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन मकान गिरने की आहट मिलते ही उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्राम बमनी निवासी बीरेन्द्र पुत्र मुन्नालाल का कच्चा मकान था, जिस पर टीन पड़ी हुई थी। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गईं और देखते ही देखते पूरा मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया है।
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित बीरेन्द्र ने शासन-प्रशासन से मौके पर सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्राम प्रधान शिव सिंह को भी घटना की सूचना दी गई। ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवार को जांच कराकर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित मकान का तत्काल निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


