2:53 pm Sunday , 27 September 2026
BREAKING NEWS

ब्यौर गौशाला में बेजुबानों की दुर्दशा! क्षमता से अधिक गौवंश ठूंसने का आरोप, चारा-पानी और इलाज के इंतजाम पर सवाल

ब्यौर गौशाला में बेजुबानों की दुर्दशा! क्षमता से अधिक गौवंश ठूंसने का आरोप, चारा-पानी और इलाज के इंतजाम पर सवाल

केशव गुप्ता

बदायूं/सलारपुर। योगी सरकार द्वारा गौ-संरक्षण और गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिए जाने के बावजूद बदायूं जिले के विकासखंड सलारपुर के ग्राम ब्यौर स्थित अस्थाई गो आश्रय स्थल में व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने गौशाला में क्षमता से अधिक गौवंश रखे जाने और उनके भरण-पोषण में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में मानक के अनुरूप व्यवस्था किए बिना बड़ी संख्या में गौवंश को एक ही परिसर में रखा गया है। आरोप है कि कई पशुओं के लिए पर्याप्त हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पानी और पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है। इससे गौवंशों की हालत खराब होने की बात कही जा रही है।
बताया गया है कि पूर्व में हुई जांच के दौरान गौशाला में करीब 130 गौवंश संरक्षित पाए गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद भरण-पोषण और व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। कुछ ग्रामीणों ने कई गौवंशों के दुबले-पतले और बीमार होने का भी दावा किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बदायूं से तत्काल गौशाला का निरीक्षण कराकर वास्तविक क्षमता और गौवंशों की संख्या की जांच, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त गौवंशों को अन्य आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने तथा लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी खबर में शामिल किया जा सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस