बिल्सी में लगातार बारिश से मकान का लेंटर गिरा, महिला घायल।
बिल्सी (बदायूं) 27 सितंबर ।
नगर के मोहल्ला नंबर आठ में शनिवार रात लगातार हो रही बारिश के बीच एक मकान का लेंटर अचानक गिर गया। हादसे में मकान मालिक मोहम्मद तारिक की पत्नी इरम के हाथ में चोट आई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।
तारिक के मुताबिक लेंटर गिरने से घर का डबल बेड, गद्दे, घरेलू उपयोग का सामान और घर में रखा गेहूं मलबे में दब गया। अधिकांश सामान खराब हो गया है। हादसे के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
मकान मालिक मोहम्मद तारिक ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई बार आवेदन किया था, लेकिन उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। इसके चलते वह अपने परिवार के साथ जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे। लगातार बारिश के बीच रात में अचानक लेंटर गिरने से हादसा हो गया।
घटना की सूचना बिल्सी तहसील प्रशासन को दी गई। इसके बाद लेखपाल दुर्गेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की। परिवार ने प्रशासन से मदद की उम्मीद जताई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


