टेंपो में जबरन बैठने से मना किया तो चालक पर धारदार हथियार से हमला, केस दर्ज।
बदायूं 27 सितंबर।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में टेंपो में सवारी बैठाने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने टेंपो चालक पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंचनपुर, थाना अलापुर निवासी तारावती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा हरिओम उर्फ नन्नू टेंपो चलाता है। एक सितंबर की शाम करीब 5 से 6 बजे वह पुलिस लाइन चौराहे से अलापुर की तरफ सवारियां लेकर जा रहा था।
इसी दौरान मोहल्ला बिरिया, कस्बा अलापुर निवासी फूल मियां और लाल मियां पुत्रगण सद्दीक ने उसका टेंपो रुकवाया और जबरन बैठने लगे। बेटे ने ककराला की तरफ न जाने की बात कहकर बैठाने से मना किया तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
महिला ने पहले ओवरब्रिज पुलिस चौकी पर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने थाना सिविल लाइन में प्रार्थना पत्र दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक दिनेश कुमार को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


