बदायूं: दहेज में बाइक न मिलने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज।
कादरचौक (बदायूं) 27 सितंबर ।
कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल वालों पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने और स्थानीय थाने में सुनवाई न होने के बाद एसएसपी के आदेश पर कादरचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 21 मई 2023 को जिला कासगंज के अमांपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके परिवार ने करीब 2 लाख रुपये नगद, सोने की जंजीर, अंगूठी, डबल बेड, फ्रिज, एलसीडी, कूलर, वाशिंग मशीन, अलमारी और बारात के खाने पर करीब 7 लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर 28 नवंबर 2024 की शाम करीब 7 बजे पति, सास, दो ननद और ससुर ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और मारपीट की। कहा कि जब तक मायके से बाइक नहीं लाएगी, घर में नहीं रहने देंगे। पहने हुए कपड़ों में घर से निकाल दिया और धमकी दी कि बाइक नहीं आई तो लड़के की दूसरी शादी करा देंगे।
किसी तरह वह मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। उसने 29 दिसंबर 2024 को महिला थाने और कादरचौक थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन हल्का दरोगा ने समझौते का दबाव बनाया और एफआईआर दर्ज नहीं की।
इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर 24 सितंबर 2026 को जन शिकायत प्रकोष्ठ से जांच आख्या तलब करते हुए कादरचौक एसएचओ को वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तब जाकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अजयवीर सिंह को सौंपी गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


