बदायूं: घर में घुसकर महिला को पीटा, गला दबाकर मारने का प्रयास, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज।
बदायूं 27 सितंबर ।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट और गला दबाकर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर थाने में सुनवाई न होने के बाद न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सिविल लाइन कॉलोनी, पंजाब नेशनल बैंक के पास निवासी राखी यादव ने बताया कि 14 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर पर थीं। तभी प्रगति विहार कॉलोनी, चंदौसी (संभल) निवासी राजवीर सिंह पुत्र गेंदान लाल (जेई विद्युत विभाग), उनकी पत्नी विजया यादव, बेटा आशुतोष यादव और बेटी ज्योति यादव उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर सभी ने लात-घूंसों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी और घर का सामान तोड़ दिया। आरोप है कि राजवीर ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबा दिया। इसी दौरान उनका बेटा उदित यादव मौके पर आ गया, जिसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और उन्हें बचाया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह थाने गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। 16 जून को उन्होंने खुद जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया और 10 जुलाई को रजिस्टर्ड डाक से एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजा, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद वह न्यायालय की शरण में गईं। न्यायालय के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


