12:06 pm Sunday , 27 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं-दिल्ली हाईवे पर विकास के गड्ढे में फंसा सिस्टम, कीचड़ में धंसी एंबुलेंस

बदायूं-दिल्ली हाईवे पर विकास के गड्ढे में फंसा सिस्टम, कीचड़ में धंसी एंबुलेंस।

कुंडा नरसिंहपुर में दो साल से मौत को दावत दे रहा 10 मीटर का पैच, PWD ने एक साइड बंद कर पल्ला झाड़ा।

उझानी बदांयू 27 सितंबर।

जनपद बदायूं में विकास की हकीकत देखनी हो तो दिल्ली हाईवे पर आ जाइए। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर ग्राम कुंडा नरसिंहपुर के पास हाईवे पर बना गहरा गड्ढा रोजाना हादसों को न्योता दे रहा है। ताजा मामला आज का है, जब पानी से भरे इसी गड्ढे में एक एंबुलेंस फंस गई, जिसे बड़ी मुश्किल से ट्रैक्टर से खिंचकर बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह गड्ढा पिछले 2 साल से भी ज्यादा समय से ऐसे ही पड़ा है। ग्रामीण कई बार PWD विभाग और अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। हालात ये हैं कि PWD ने हादसे बढ़ने पर हाईवे की एक साइड को बंद कर दिया, लेकिन दूसरी साइड का यही हाल है।

10 मीटर के इस टुकड़े को ठीक करने में विभाग को 2 साल लग गए और अभी तक काम शुरू नहीं हुआ। इस गड्ढे में फंसकर अब तक दर्जनों वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। वाहन चालकों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है, मगर PWD के कान पर जूं तक नहीं रेंगती।

ग्रामीणों ने कहा कि लगता है विभाग किसी बड़े हादसे के इंतजार में है, तभी इस सड़क का श्रीगणेश होगा। सवाल बड़ा है – जब हाईवे पर एंबुलेंस ही फंस जाए तो आम आदमी का क्या होगा?

विज्ञापन एक्सप्रेस