बदायूं
लगातार बारिश से उसावां-उदयनगला-राजा नगला मार्ग बदहाल, कई जगह सड़कें कटीं; यातायात प्रभावित
केशव गुप्ता
उसावां। लगातार हो रही बारिश के चलते उसावां क्षेत्र के उदयनगला-राजा नगला मार्ग की हालत बेहद खराब हो गई है। बारिश के पानी के तेज बहाव से कई स्थानों पर सड़क कट गई है, जबकि कुछ जगहों पर किनारे की दीवारें भी गिर गई हैं। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़क का हिस्सा कट जाने से मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश जारी रही तो सड़क को और नुकसान पहुंच सकता है।
मार्ग खराब होने के कारण आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कराकर कटे हुए हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने और जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न न हो।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


