बदायूं
उझानी में 24 घंटे की बारिश ने दिखाया ‘रामराज्य’ का नजारा, अंधेरे में डूबा शहर।
जनरेटर को लगा भ्रष्टाचार का जंग, नलों से पानी गायब, घरों में जले दीये।
उझानी (बदायूं) 26 सितंबर ।
24 घंटे की लगातार झमाझम बारिश ने नगर में वाकई में रामराज्य ला दिया है। चारों तरफ शांति ही शांति है, क्योंकि कल रात 9:30 बजे से गायब बिजली अभी तक नहीं लौटी है।
नगर पालिका की बात करें तो आज सुबह कुछ देर के लिए नलों में पानी आया, लेकिन कल से फिर वही हाल होगा। वजह है जनरेटर सुविधा को लगा भ्रष्टाचार का जंग। पालिका के अधिकांश जनरेटर कंडम हो चुके हैं, जो इस आपात में किसी काम के नहीं।
बिजलीघर में पानी भरने से फॉल्ट हो गया है। लोगों के इन्वर्टर भी अब जवाब दे गए हैं। कई घरों में आज मोमबत्ती और दीये की रोशनी में खाना बना। मोबाइल डिस्चार्ज होने से संपर्क टूट गया, तो टीवी बंद होने से महिलाएं अपने पसंदीदा सीरियल भी नहीं देख पाईं।
यदि कल भी बारिश हुई तो स्थिति और बिगड़ेगी। बिजली न होने से घरों के समर और टुल्लू पंप नहीं चलेंगे, लोगों को इधर-उधर के नलों से पानी भरना पड़ेगा।
आज रात भी उझानी को अंधेरे में ही काटनी होगी। बाजारों में सन्नाटे के साथ घना अंधेरा पसरा है। दुकानदारों ने कम संख्या में दुकानें खोलीं, बाजारों का शोरगुल गायब है। हर तरफ बस बारिश की आवाज और अंधेरे की शांति है। सच में है ना रामराज्य, घी का दिया जलाएं…
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


