7:04 pm Saturday , 26 September 2026
BREAKING NEWS

36 घंटे की लगातार बारिश से उसावां क्षेत्र बेहाल, पुलिया के ऊपर बह रहा पानी; कॉलेज में घुसा तीन फीट पानी

बदायूं

36 घंटे की लगातार बारिश से उसावां क्षेत्र बेहाल, पुलिया के ऊपर बह रहा पानी; कॉलेज में घुसा तीन फीट पानी

केशव गुप्ता

उसावां। क्षेत्र में लगातार करीब 36 घंटे से हो रही बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उसावां-अकबरपुर मार्ग और अटेना-उदयनगला मार्ग पर जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उदयनगला मार्ग पर पुलिया के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया है।
कई स्थानों पर सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण खेतों में भी पानी भर गया है। इससे किसानों की खरीफ की फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय किसानों शेर सिंह यादव, ओम शिव वर्मा, नरवीर यादव और नन्हेंलाल वर्मा की फसलों को भी जलभराव से नुकसान बताया जा रहा है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
वहीं स्वर्गीय रामपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय परिसर में करीब तीन फीट तक बारिश का पानी भर गया है। कॉलेज परिसर में जलभराव होने से छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते क्षेत्र के कई मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस