5:58 pm Saturday , 26 September 2026
BREAKING NEWS

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कुंवरगांव में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित

33 केवीए लाइन का पोल गिरने से कुंवरगांव उपकेंद्र की आपूर्ति ठप, बाजारों में पसरा सन्नाटा

कुंवरगांव। शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के चलते नगर कुंवरगांव में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सुबह से बारिश जारी रहने के कारण नगर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही और कई स्थानों पर सन्नाटा नजर आया।

बारिश के बीच आंवला की ओर से कुंवरगांव बिजली उपकेंद्र को आने वाली 33 केवीए लाइन का पोल शनिवार को पनवड़िया के पास अचानक जमीन पर गिर गया। इससे कुंवरगांव उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। शुक्रवार रात से ही बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित चल रही थी। अवर अभियंता मियां कुरैशी और बिजली विभाग का स्टाफ लगातार सप्लाई सुचारू कराने के प्रयास में जुटा था, लेकिन शनिवार दोपहर बाद 33 केवीए का पोल गिरने से कर्मचारियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

शनिवार शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। इससे घरों और दुकानों में लगे विद्युत उपकरण बंद रहे और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मोबाइल चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बीच बिजली विभाग की टीम पोल को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटी रही।

स्कूलों में छुट्टी, बाजारों में कम रही चहल-पहल

बारिश के कारण कक्षा आठ तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया। लगातार बारिश के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।

गर्मी और उमस से मिली राहत

देर रात से जारी बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई। ठंडी हवाओं के चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने बारिश से राहत महसूस की।

हालांकि अत्यधिक बारिश होने पर खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बनी हुई है।

बारिश और बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर कुंवरगांव के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। पूरे दिन मौसम खराब रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव

विज्ञापन एक्सप्रेस