उझानी के कछला में बारात देखने पर बवाल, पुत्रवधू से अश्लील हरकत का विरोध करने पर घर में घुसकर पीटा।
हवाई फायर कर दी जान से मारने की धमकी, बेटे का हाथ टूटा; कोर्ट के आदेश पर 9 पर रिपोर्ट।
उझानी / बदायूं 26 सितंबर।
कोतवाली उझानी के कस्बा कछला वार्ड-01 में पुत्रवधू से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला कर दिया गया। लाठी-डंडों से मारपीट में दो लोग लहूलुहान हो गए, एक का हाथ टूट गया। आरोपियों ने हवाई फायर कर शहर छोड़ने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत नहीं सुनी तो पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
पीड़ित जलालुद्दीन पुत्र मुंशी निवासी कछला ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 30 जनवरी 2024 को मोहल्ले के ही कमरुद्दीन पुत्र सलीमउद्दीन के नातिन की बारात आई थी। शाम उसकी पुत्रवधू अन्जुम बारात की विदा दरवाजे पर खड़ी होकर देख रही थी। आरोप है कि कमरुद्दीन के लड़के निजाकत, सिजाकत, यूनिस, युसुफ पुत्रवधू को देखकर फब्तियां कस रहे थे और गंदी हरकतें कर रहे थे।
पीड़ित ने जब मजाक करने से रोका तो सभी आरोपी आगबबूला हो गए। अपने पिता कमरुद्दीन और पड़ोसी प्रदीप सिंह पुत्र सौदान सिंह व उसके लड़के सोनू, प्रशान्त, रामू उर्फ छुट्टन को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। बचाने आए पीड़ित के लड़के मो. यासीन व मो. यामीन को भी पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि मुल्जिम प्रदीप सिंह उर्फ छुट्टन ने हवाई फायर करते हुए कहा कि सालों यहां से शहर छोड़कर नहीं भागे तो जान से मार देंगे। पीड़ित घायल बच्चों को लेकर थाना उझानी पहुंचा, जहां पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराया। जिसमें बेटे यासीन के हाथ की हड्डी टूटी पाई गई।
पीड़ित का आरोप है कि लिखित तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और टालमटोल करती रही। 6 फरवरी 2024 को एसएसपी बदायूं को भी शिकायत भेजी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूर होकर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
अब न्यायालय के आदेश पर धारा 156(3) सीआरपीसी के अंतर्गत उझानी पुलिस ने कमरुद्दीन, उसके चार बेटों निजाकत, सिजाकत, यूनिस, युसुफ और प्रदीप सिंह व उसके तीन बेटों सोनू, प्रशान्त, रामू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


