12:19 pm Saturday , 26 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी में 15 घंटे से आफत की बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त; बिजली गुल, सड़कें बनीं तालाब

उझानी में 15 घंटे से आफत की बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त; बिजली गुल, सड़कें बनीं तालाब।

धान-बाजरा की फसल खेतों में बिछी, बाजार बंद, नाले फुल।

उझानी / बदायूं 26 सितंबर।

उझानी में पिछले 15 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शहर से लेकर गांव तक हर तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

लगातार बारिश के चलते 15 घंटे से बिजली गायब है। अंधेरे में डूबे लोगों की मुसीबत और बढ़ गई है। जगह-जगह जलभराव से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है। शहर के सभी नाले फुल चल रहे हैं और पानी सड़कों पर बह रहा है।

बारिश का आलम यह है कि जिलाधिकारी का आदेश न भी होता, तो भी छात्र इतनी भयंकर बारिश में स्कूल नहीं पहुंच पाते। स्कूल-कॉलेजों में सन्नाटा पसरा है। दिन के 11 बजे तक बाजार में भी एक-दो दुकानें ही खुली नजर आईं, बाकी पूरा बाजार बंद रहा।

इस आफत की बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। रात में चली तेज हवा और बारिश से धान और बाजरा की खड़ी फसल खेतों में बिछ गई है। किसानों की महीनों की मेहनत पर बारिश ने पानी फेर दिया है।

मौसम विभाग ने आज पूरे दिन और रात भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि बिजली घर में पानी भर जाने के कारण सप्लाई बंद करनी पड़ी है। बारिश रुकते ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस