8:42 pm Friday , 25 September 2026
BREAKING NEWS

परमिशन आंवला की, कुंवरगांव में डाली जा रही थी मिट्टी, खनन विभाग ने ट्रॉली की सीज

कुंवरगांव थाने के सामने से ओवरलोड वाहनों के गुजरने पर भी उठे सवाल, बजरफुट से भरा ट्रक भी पकड़ा

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव। नगर पंचायत कुंवरगांव में निर्माणाधीन सीसी रोड के लिए आंवला क्षेत्र से मिट्टी लाकर डाले जाने के मामले में शुक्रवार को खनन विभाग ने कार्रवाई की। खनन अधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में लखनऊ से पहुंची टीम के अधिकारियों आदित्य पांडे और अजय यादव ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी से भरी ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया।

बताया गया कि कस्बे में 15वें वित्त से करीब 120 मीटर सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए मिट्टी डाली जा रही थी। खनन विभाग के अनुसार मिट्टी उठाने की अनुमति आंवला क्षेत्र के एक किसान के नाम थी, जबकि मिट्टी कुंवरगांव में डाली जा रही थी। विभाग ने इसे अनुमति की शर्तों के विपरीत मानते हुए कार्रवाई की।

वहीं कार्रवाई के दौरान बजरफुट से भरा एक ओवरलोड ट्रक भी पकड़ा गया, जिसे थाना कुंवरगांव में बंद कराया गया है। इसके बाद कस्बे में खनन और ओवरलोड वाहनों के आवागमन को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

थाने के सामने से गुजरते हैं ओवरलोड वाहन, कार्रवाई पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंवरगांव थाना के सामने से आए दिन ओवरलोड ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहन बजरफुट, मिट्टी समेत निर्माण सामग्री लेकर गुजरते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि खनन विभाग को एक ट्रॉली और एक ओवरलोड ट्रक के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी, तो लंबे समय से कस्बे से गुजर रहे अन्य ओवरलोड वाहनों की जांच कितनी नियमित होती है।

खनन अधिकारी गुलशन कुमार ने बताया कि आंवला क्षेत्र में किसान के नाम मिट्टी उठाने की अनुमति थी, लेकिन कुंवरगांव में मिट्टी डाली जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी लदी ट्रॉली को सीज कर दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस