8:42 pm Friday , 25 September 2026
BREAKING NEWS

पितृ पक्ष पर तीर्थ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव। पितृ पक्ष के अवसर पर शुक्रवार को नगर कुंवरगांव से श्रद्धालुओं का जत्था 10 दिवसीय तीर्थ यात्रा के लिए बस से रवाना हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु प्रयागराज, चित्रकूट, विंध्याचल, काशी, गया धाम, बोधगया, अयोध्या और नैमिषारण्य सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।

यात्रा की शुरुआत प्रयागराज से होगी, जहां श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में स्नान, पिंडदान और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इसके बाद चित्रकूट में रुककर मंदाकिनी स्नान, कामदगिरि की परिक्रमा, भरत मिलाप और कामतानाथ मंदिर के दर्शन किए जाएंगे। यात्रा आगे विंध्याचल और काशी पहुंचेगी, जहां गंगा स्नान, पिंडदान तथा प्रमुख मंदिरों और घाटों के दर्शन कराए जाएंगे।

इसके बाद श्रद्धालु गया धाम पहुंचकर फल्गु नदी में स्नान और पिंडदान करेंगे। विष्णुपद मंदिर, सीता कुंड, प्रेतशिला, रामशिला, अक्षयवट समेत गया के प्रमुख पिंडदान स्थलों के दर्शन किए जाएंगे। इसके बाद बोधगया, अयोध्या और नैमिषारण्य की यात्रा करते हुए श्रद्धालुओं को वापस कुंवरगांव लाया जाएगा।

यात्रा के दौरान नवलकिशोर रस्तोगी, चंद्रपाल उर्फ़ कल्लू शर्मा (पूर्व प्रधान) वंश रस्तोगी, शिवाय रस्तोगी, डब्बू गुप्ता, तेजपाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना और पितरों के निमित्त पिंडदान करने की तैयारी की।

विज्ञापन एक्सप्रेस