बिसौली। गणेश चतुर्दशी पर नगर में भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। दो दर्जन से अधिक सुसज्जित झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह भक्तों ने पुष्पवर्षा, अबीर-गुलाल और प्रसाद से गणपति बप्पा का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। नगर के बजरंग चौक स्थित मंदिर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व विधायक कुशाग्र सागर और जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय ने फीता काटकर तथा गणेश पूजन, तिलक और आरती कर किया। आयोजन समिति अध्यक्ष नितिन महाजन ने उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं राधा-कृष्ण मंदिर एवं पंजाबी मंदिर से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक आशुतोष मौर्य और हरिओम पाराशरी ने पूजा-अर्चना व आरती कर किया। आयोजन समिति की ओर से वेदप्रकाश ने अंगवस्त्र भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया। शोभायात्रा बड़े मंदिर, बीच कुआं, सराय, मेन रोड, पुलिस चौकी और बुध बाजार से होकर गुजरी। भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी की लांगुर सहित आकर्षक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। माता काली के अखाड़े में तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतब देखकर लोग रोमांचित हो उठे। राधा-कृष्ण की मयूर नृत्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। जगह-जगह जलपान और प्रसाद की व्यवस्था रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


