बदायूं में सांसद आदित्य यादव ने किया जनता दर्शन, अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
बदायूं। समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सांसद आदित्य यादव ने शुक्रवार को अपने निज निवास, डीएम रोड, सिविल लाइंस, बदायूं में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सांसद से मुलाकात कर अपनी व्यक्तिगत एवं जनसमस्याएं उनके समक्ष रखीं।
सांसद आदित्य यादव ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी, नाली-खड़ंजा, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सांसद के सामने रखीं। इसके अलावा क्षेत्र में विकास कार्यों से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी भी दी गई।
सांसद ने प्रत्येक मामले को सुनने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत की और जनहित से जुड़े मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात
जनता दर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी सांसद आदित्य यादव से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े विषयों, क्षेत्र में चल रही गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई।
सांसद ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखना भी आवश्यक है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


