बदायूं
बदायूं में बिहार पैटर्न पर वारदात: 17 सितंबर की घटना, 18 को वीडियो वायरल, फिर चेती पुलिस – फजीहत से बचने को आनन-फानन में तीन गिरफ्तार, कई अब भी फरार।
बदायूं 25 सितंबर।
बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के सरायबरोलिया जंगल में प्रेमी-प्रेमिका के साथ हुई दरिंदगी का मामला अब बिहार की तर्ज पर सुर्खियों में है। 17 सितंबर की दोपहर को हुई इस घटना को पुलिस तब से दबाए रही, लेकिन 18 सितंबर को जब आरोपियों ने खुद ही युवक-युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, तब जाकर महकमे में हड़कंप मचा।
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद फजीहत और शासन स्तर से कार्रवाई के डर से पुलिस ने आनन-फानन में गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की।
गौरतलब है कि इन दिनों बिहार में इसी तरह की दो घटनाओं को लेकर सियासी भूचाल आया हुआ है। ऐसे में यूपी में ऐसी ही घटना सामने आने पर योगी आदित्यनाथ के कोप से बचने के लिए अब स्थानीय पुलिस लीपा-पोती में जुट गई है।
17 सितंबर को सरायबरोलिया गांव के पास सिद्धबरोलिया मंदिर के नजदीक जंगल में संभल जिले का युवक और उघैती क्षेत्र की युवती घूमने गए थे। थोड़ी दूरी पर उनकी बाइक खड़ी थी। बाइक देखकर स्वरूपपुर निवासी सुगेंद्र कुमार , सरायबरोलिया निवासी बेचैन जाटव और छोटे जाटव समेत 6 से 7 लोगों ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया।
आरोप है कि गाली-गलौज, मारपीट की गई। युवती से छेड़छाड़ करते हुए आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और 1500 रुपये छीन लिए गए। दोनों हाथ जोड़कर रहम की मिन्नतें करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माने। बाद में कुछ राहगीरों के शोर सुनकर मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने उन्हें छोड़ा।
गुरुवार शाम को आरोपियों ने वही वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इसके बाद पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर पीड़ितों तक पहुंची और तहरीर ली।
घटना की जानकारी मिलने पर एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा और डीआईजी अजय साहनी भी मौके पर पहुंचे और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए।
गुरुवार रात सरायबरोलिया के जंगल से तीन आरोपियों सुगेंद्र, बेचैन और छोटे को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अंकिता शर्मा का कहना है कि वीडियो के आधार पर पूरे मामले का पता चला है। तीन आरोपी गिरफ्तार हैं, कुछ अज्ञात फरार हैं, जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लेकिन सवाल यही है कि 17 से 18 सितंबर के बीच पुलिस कहां थी? वीडियो वायरल होने के बाद ही क्यों जागा महकमा? कई आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


