5:12 pm Friday , 25 September 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में कुकुरमुत्तों की तरह गली-गली में खुल गईं पैथोलॉजी लैब, मरीजों की जान से खिलवाड़

*सहसवान (बदायूं)।* नगर सहसवान में इन दिनों गली-गली में कुकुरमुत्तों की तरह पैथोलॉजी लैब खुल गई हैं। बिना रजिस्ट्रेशन, बिना पैथोलॉजिस्ट और बिना मानकों के चल रही इन लैबों में मरीजों की सेहत से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार नगर में दर्जनों पैथोलॉजी लैब ऐसी हैं जिनके पास सीएमओ ऑफिस का पंजीकरण तक नहीं है। कई लैबों पर तो लैब टेक्नीशियन ही खुद को डॉक्टर बताकर रिपोर्ट पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। न तो ब्लड सैंपल लेने का कोई मानक है और न ही मशीनों का मेंटेनेंस। एक ही सैंपल से कई-कई तरह की जांचें मनमाने दामों पर की जा रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले भोले-भाले मरीजों से 500 की जांच के 1500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। गलत रिपोर्ट आने से मरीजों का गलत इलाज हो रहा है और उनकी जान जोखिम में पड़ रही है। कई लैबों पर बगैर डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के भी खून की जांच की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से ये अवैध लैब फल-फूल रही हैं। शिकायत के बावजूद आज तक किसी भी लैब पर छापेमारी या सीलिंग की कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी बदायूं से नगर में चल रही सभी पैथोलॉजी लैबों की जांच कराकर अवैध रूप से चल रही लैबों को तत्काल सील करने और संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस