उझानी / बदांयू 25 सितंबर।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर के संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं के एक स्वर में वंदे मातरम् गाते ही पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक रतन कुमार जिंदल, प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक, मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह राजपूत तथा कार्यक्रम अध्यक्ष कमलेश वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मानित अतिथियों का परिचय विद्यालय के उपप्रधानाचार्य शैलेंद्र शर्मा ने कराया। इसके बाद प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत व सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने एक साथ खड़े होकर पूरे जोश और सम्मान के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक और कार्यक्रम अध्यक्ष कमलेश वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों को वंदे मातरम् के इतिहास, इसके रचयिता बंकिम चंद्र चटर्जी के योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य आशीष वर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षत्रिय महासभा उझानी के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह और सरस्वती शिशु मंदिर BHEL हरिद्वार उत्तराखंड के पूर्व प्रधानाचार्य रामप्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में प्रधानाचार्य योगेश कुमार पाठक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहनें, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, पूर्व छात्र और पत्रकार बंधु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


