4:38 pm Friday , 25 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी: श्रीजी मैंथा फैक्ट्री में सजा राधा रानी का दरबार, वृंदावन से आईं पूनम दीदी के भजनों पर झूमे हजारों भक्त।

भोर तक गूंजता रहा – राधे-राधे…

उझानी / बदायूं 25 सितंबर।

बरेली-मथुरा हाईवे स्थित श्रीजी मैंथा फैक्ट्री का प्रांगण बीती रात राधामय हो गया। मौका था राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में छठ उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य भजन-कीर्तन का। समाजसेवी संजीव साहू और सुशील साहू के संयोजन में सजा यह आयोजन देर रात तक भक्ति की अविरल गंगा बहाता रहा।

कार्यक्रम में सम्मिलित होने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ, जहां राधा रानी की भक्ति में सराबोर माहौल में हर कोई राधे-राधे बोलता नजर आया।

पूनम दीदी ने बांधा समां, भजनों पर छलके आंसू-

वृंदावन से विशेष रूप से आमंत्रित प्रसिद्ध भजन गायिका पूनम दीदी जैसे ही मंच पर आईं, पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। उनके मधुर स्वरों ने ऐसा समां बांधा कि भक्त खुद को रोक नहीं पाए।

पूनम दीदी ने जब गाया…

“मेरी राधा रानी, कितनी प्यारी-प्यारी…”
“बरसाने की राधा रानी, कृपा बरसाए रखना…”
“राधे-राधे जपो, चले आएंगे बिहारी…”
“श्री राधे, श्री राधे, श्री राधे बरसाने वाली…”

तो पूरा वातावरण अलौकिक और आध्यात्मिक आनंद से भर गया। हजारों भक्त हाथ उठाकर नाचते-गाते हुए भक्ति में लीन हो गए।

देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में विधायक हरीश शाक्य, महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल सहित हजारों की तादाद में राधा रानी के भक्त पहुंचे। सभी ने भक्ति की गंगा में डुबकी लगाई और अंत में आयोजित विशाल राधा भोग में प्रसादी का आनंद लिया।

आयोजक संजीव साहू और सुशील साहू ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस