बदायूं
पोषाहार से बने लड्डू, हलवा और बर्फी, रेसिपी प्रतियोगिता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने दिखाई प्रतिभा
केशव गुप्ता
उसहैत। नगर पंचायत कार्यालय में 25 सितंबर को पोषण जागरूकता को लेकर रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों पर मिलने वाले पोषाहार से पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करना और महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उसावां बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) हरेंद्र सिंह ने की। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर नेहा भारती भी मौजूद रहीं और उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में उसहैत नगर पंचायत क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने पोषाहार और सब्जियों का इस्तेमाल कर लड्डू, हलवा, बर्फी, दलिया समेत विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। उन्होंने इन व्यंजनों के पोषण संबंधी फायदे भी बताए।
CDPO हरेंद्र सिंह ने सभी व्यंजनों का अवलोकन कर उनके पोषण मूल्य की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रतिभा निखरती है और बच्चों व माताओं को पोषाहार के महत्व की जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम में वार्डवार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और नवनियुक्त सहायिकाएं मौजूद रहीं। इनमें वार्ड 1 से मंजू, वार्ड 3 से अनुपम व इरम खानम, वार्ड 4 से मुन्नी देवी, वार्ड 5 से सीमा, वार्ड 6 से रामकुमारी, वार्ड 7 से अंजू, वार्ड 8 से जानमा बेगम, वार्ड 9 से सुनीता रानी, वार्ड 10 से जाहिरा बेगम तथा वार्ड 11 से रानी शामिल रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


