


वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा विद्यालय परिसर
2 हजार लोगों ने की सहभागिता
जन चेतना का गान है वंदे मातरम: ठाकुरदास
बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रभाव, मातृभूमि के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि दिनेश मालिक एवं राजकुमार अग्रवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजीव अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में श्री ठाकुरदास, पूर्व प्रदेश निरीक्षक ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। एक साथ, एक स्वर और एक लय में हुए सामूहिक गायन से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा।
कार्यक्रम अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य वक्ता श्री ठाकुरदास ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में जन-जन के भीतर राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की गौरवशाली परंपराओं को समझने और राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया। विद्यालय के आचार्यों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त विद्यालय प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वक सुनील कुमार सिंह पुंडीर, पूर्व छात्र परिषद के अनूप शर्मा सहित लगभग 2000 लोगों ने सहभागिता की। उक्त कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने दी। कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर श्रीवास्तव ने किया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


