12:31 am Friday , 25 September 2026
BREAKING NEWS

एनए कालेज में सेवा संकल्प यात्रा में दिखी छात्र-छात्राओं की प्रतिभा

बिल्सी। सेवा संकल्प यात्रा अभियान के अंतर्गत स्थानीय एनए इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें अंबियापुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों से लेकर इंटर कॉलेजों तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन पति ओमप्रकाश सागर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुन्नालाल शाक्य ने मुख्य भूमिका निभाई। वहीं राजकीय हाईस्कूल सतैती के प्रधानाचार्य सोहनपाल सिंह नोडल अधिकारी के रूप में मौजूद रहे और अपनी देखरेख में प्रतियोगिताएं संपन्न कराईं।
विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से भाषण, ड्राइंग, प्रश्नोत्तरी (क्विज) और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न विद्यालयों से आए अनुभवी शिक्षक-शिक्षिकाओं के निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता से पांच-पांच प्रतिभागियों का चयन हुआ। इस प्रकार भाषण से पांच, पोस्टर से पांच, ड्राइंग से पांच और प्रश्नोत्तरी से पांच सहित कुल 20 प्रतिभागी जिला स्तर पर अंबियापुर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन पर एनए इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामवीर सिंह ने मुख्य अतिथि, नोडल अधिकारी, बाहर से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का आभार जताया। उन्होंने जिला स्तर के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विज्ञापन एक्सप्रेस